काम करने बम्बई गये तीन युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत,खबर मिलते ही परिजन बम्बई हुये रवाना
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
गोण्डा।। जनपद गोण्डा अन्तर्गत तहसील मुख्यालय कर्नेलगंज स्थित कस्बे के तीन युवाओं की बम्बई में अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही परिजनों समेत गांव में मातम छा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कर्नेलगंज के भैरवनाथ पुरवा निवासी तीन लड़के मुम्बई में काम करते थे जहां पर गैस रिसाव के कारण उनकी मौत हो गयी।पुलिस का मानना है कि गैस रिसाव के चलते तीनों युवकों की दम घुटने से मौत हुई है। युवकों की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मचा है। परिवार के लोग शव लेने के लिए मुंबई रवाना हो गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक रशीद, सईद व आजम मुंबई के वसई में रोजी रोटी हेतु काम करते थे, तीनो लोग वसई पश्चिम स्थित मानिकनगर नगर इलाके के नौपाड़ा मोहल्ले में स्थित कमरे में रहते थे। बताया जा रहा है कि खाना खाने के बाद तीनों लोग सो गये थे। जब दूसरे दिन कमरे से गैस की गंध आने लगी और अंदर से कोई हरकत नहीं दिखी तो आस पास के लोंगो द्वारा पुलिस को सूचित किया गया, मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़वा कर तीनों के शवों को बाहर निकालवाया। इधर मोहल्ले के तीन युवाओं की मौत की खबर से कोहराम मच गया।