करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
उमरी बेगमगंज गोण्डा।। थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत पूरेडाल डीहा निवासी पन्नालाल पासवान का 30 वर्षीय बेटा प्रेम पासवान की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार को उसके ससुराल दरौली चौराहा में हुआ।
बताया जाता है कि प्रेम पासवान बिजली का तार जोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रेम की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रेम गांव में रहकर खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी पिंटू पासवान और तीन छोटे बच्चे देवांश (5), शिवांश (3) व कालू (16 माह) हैं। पिता की अचानक मौत से तीनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
जानकारी के मुताबिक प्रेम छह भाइयों में पांचवें नंबर पर था। एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
थानाध्यक्ष पवन मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।
