बीमा के नाम पर ₹12 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार, फर्जी पॉलिसी देकर ग्राहकों को बनाया था शिकार
बीमा के नाम पर ₹12 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार, फर्जी पॉलिसी देकर ग्राहकों को बनाया था शिकार
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
गोण्डा।। जनपद के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने बीमा एवं निवेश के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीएनबी मेटलाइफ इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि अभिषेक कुमार दूबे ने 01 अगस्त 2026 को कोतवाली नगर में लिखित तहरीर देकर बताया कि कंपनी को पंजाब नेशनल बैंक के अयोध्या सर्किल कार्यालय से दो शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों में कंपनी की बड़गांव शाखा में रिलेशन मैनेजर के पद पर कार्यरत अलंकार वर्मा पर ग्राहकों से बीमा एवं निवेश के नाम पर धनराशि लेकर अनियमितता और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया था।
तहरीर के अनुसार, आरोपी ने प्रथम शिकायतकर्ता बेबी गुप्ता से ₹8.50 लाख तथा दूसरे शिकायतकर्ता जोखू से ₹3.50 लाख, कुल ₹12 लाख प्राप्त किए। आरोप है कि धनराशि लेने के बाद दोनों ग्राहकों को कूटरचित (फर्जी) बीमा पॉलिसी प्रमाणपत्र उपलब्ध कराए गए, जिससे उनके साथ धोखाधड़ी की गई।
पीड़ितों की शिकायत और कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस ने शनिवार को आरोपी अलंकार वर्मा पुत्र बाबूलाल वर्मा, निवासी ग्राम पवेरवा, पोस्ट कौड़िया, हाल निवासी साहबगंज, थाना कोतवाली नगर, को लोहिया धर्मशाला के पास से गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही करने के पश्चात माननीय न्यायालय रवाना कर दिया गया।
