सद्गुरु मैरिज हाल में सजा विराट कवि सम्मेलन, अवधी कलाकार रमेशवा ने मचाया धमाल


सद्गुरु मैरिज हाल में सजा विराट कवि सम्मेलन, अवधी कलाकार रमेशवा ने मचाया धमाल


रिपोर्ट:- आर के मिश्रा

परसपुर गोण्डा।। नगर पंचायत परसपुर अंतर्गत तुलसीधाम मार्ग स्थित सद्गुरु मैरिज हॉल में मंगलवार की रात व्यवसायी राजकुमार सोनी की पुत्री, शिक्षिका नेहा सोनी के हल्दी उत्सव के अवसर पर एक विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से पधारे कवि, साहित्यकार एवं ग़ज़लकारों ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

         काव्यपाठ करते डॉ0 सन्त शरण त्रिपाठी "सन्त जी"

कवि सम्मेलन का कुशल संचालन हास्य-व्यंग्य कवि रविन्द्र कुमार पाण्डेय ‘रवि’ ने किया। सम्मेलन की शुरुआत ख्यातिलब्ध वरिष्ठ कवि एवं कथावाचक डॉ. संत शरण त्रिपाठी ‘संत जी’ की भावपूर्ण रचना से हुई। उन्होंने बेटियों पर केंद्रित अपनी कविता में कहा—

“शैलजा बुद्धि विद्या धनी बेटियाँ,

नेह ममता की बदली घनी बेटियाँ।

माँ की गोदी को गोदी बनाने मिली,

मेरे आँगन की हैं पैंजनी बेटियाँ।”

कवि कृष्ण कुमार सिंह ‘दीप’ ने देशभक्ति से ओतप्रोत रचना प्रस्तुत करते हुए कहा—

“कर्ज दूध का जिसका हम पर, उस जीवन दाता की जय,

दीप तिरंगा हाथ लिये, बोलो भारत माता की जय।”


योगेश चौहान ने राष्ट्र की सुरक्षा और अखंडता पर ओजपूर्ण पंक्तियाँ पढ़ीं। वहीं संचालक रविन्द्र पाण्डेय ने अपनी राष्ट्रवादी कविता से सभा में जोश भर दिया।

हास्य कवि अजय कुमार पाण्डेय ने सामाजिक विषमताओं पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा—

“ऊँची बनी हवेली में निशिदिन उजियारा सही है,

पर झोपड़ियों में रहे अँधेरा, यह मुझको स्वीकार नहीं है।”

    अवधी सुपरस्टार रमेश दूबे "रमेशवा" की शानदार प्रस्तुति

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अवधी के प्रसिद्ध हास्य-व्यंग्य कलाकार रमेश दूबे ‘रमेशवा’ रहे। उन्होंने भजन “ये भोले बाबा भला करना तुम” से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात निहारन चाची, कनउलाल सहित धर्मेन्द्र, सनी देओल, शक्ति कपूर, अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, सुनील शेट्टी, राजकुमार एवं नाना पाटेकर जैसी फिल्मी हस्तियों की आवाज़ में संवाद प्रस्तुत कर श्रोताओं को खूब हँसाया।

इस दौरान उनके सहयोगी कलाकारों ने भी शानदार संगत दी। ऑर्गन पर तिवारी ने उँगलियों की कला बिखेरी, ढोलक पर तिवारी ने सधे हुए ताल दिए, जबकि पैड पर तिवारी ने प्रभावी संगत कर कार्यक्रम को ऊँचाई प्रदान की। दर्शकों ने सभी कलाकारों का तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया।




कार्यक्रम में वासुदेव सिंह, अजय सिंह, नन्दलाल तिवारी (ब्यूरो चीफ, अमर उजाला), भाजपा मंडल अध्यक्ष वंश बहादुर सिंह, डॉ. ए.के. सिंह कोटेश्वरी, प्रमोद मिश्रा, पं0 नागेश्वर नाथ शुक्ला,अनिल सोनी, रामसुंदर पाण्डेय, जादूगर मिस्टर इंडिया, रामदीन विश्वकर्मा, पवन सोनी, राजेश वर्मा, शिवकिशोर पाण्डेय,हरीश सिंह,आशीष सिंह, राधेश्याम सोनी, के.पी. सिंह, प्रदीप पाण्डेय, राजू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।

 कार्यक्रम के आयोजक राजकुमार सोनी पत्रकार ने कहा कि बिटिया की शादी को लेकर आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में कवि सम्मेलन साहित्य, हास्य और राष्ट्रभक्ति का संगम बनकर देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखने में सफल रहा।

Popular posts from this blog

सपा नेता हत्याकांड का पांचवां आरोपी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे

संदिग्ध परिस्थितियों में मिला 29वर्षीय युवक का शव,परिजनों न्त्याके की आशंका

तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज में प्री-बोर्ड परीक्षा का शुभारंभ, शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ प्रथम दिवस