रेलवे गुमटी के पास मिला कांटा बाबू का शव, हादसा या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस
रेलवे गुमटी के पास मिला कांटा बाबू का शव, हादसा या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
गोण्डा।। जनपद गोण्डा अंतर्गत कोतवाली क्षेत्र कर्नलगंज के चांगेरिया स्थित रेलवे गुमटी के पास शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की जानकारी पाकर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए जांच शुरू कर दी। बाद में मृतक की पहचान ग्राम पंचायत विवियपुर, अवधूत नगर निवासी रविदत्त सिंह (58) पुत्र हौसला सिंह के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार रविदत्त सिंह जरवल चीनी मिल के लालेमऊ केंद्र पर कांटा बाबू के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार को उनका शव रेलवे ट्रैक के पास मिलने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रारंभिक आशंका ट्रेन की चपेट में आने से मौत की जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से साफ इनकार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं—दुर्घटना, आत्महत्या या अन्य किसी कारण—को ध्यान में रखकर गहन जांच की जा रही है।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर गंभीरता से पड़ताल में जुटी है।
