विद्यालय विलय नीति के विरोध में शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों का हल्ला बोल
विद्यालय विलय नीति के विरोध में शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों का हल्ला बोल
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रान्तीय नेतृत्व के निर्देशानुसार आज 30 जून सोमवार को विकास खण्ड परसपुर के ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर में शासन की विद्यालय विलय (मर्जर अथवा पेयरिंग) नीति के खिलाफ उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की परसपुर इकाई के अध्यक्ष एवं जनपदीय उपाध्यक्ष इन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मर्जर के लिए चिह्नित विद्यालयों के शिक्षक, प्रधानाध्यापक, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष, ग्राम प्रधान एवं उनके प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य:......
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य शासन द्वारा विद्यालयों के एकीकरण को “मर्जर” या “पेयर्ड स्कूल” के नाम पर लागू की जा रही उस नीति का विरोध करना था, जो आम जनमानस को भ्रमित करते हुए सरकारी विद्यालयों को क्रमशः बंद करने की ओर बढ़ रही है।
बैठक में भाग लेने वाले प्रमुख प्रतिनिधि:....
बैठक में ज्ञानपुर, दिकौली, दुरगोड़वा, धर्मनगर, सरैया नान्हू, गुरेटी, कंडरू सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों से विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष व ग्राम प्रधानों ने भाग लिया। प्रमुख रूप से रामानंद तिवारी,विश्वास तिवारी,राधेश्याम,राजकमल तिवारी,लल्लू गुप्ता,दीनानाथ तिवारी,त्रिवेणी,रामा देवी,शिवकुमार दुबे उपस्थित रहे।
वहीं संगठन की ओर से मंत्री दुर्गाप्रसाद शर्मा,उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह,राजेश दूबे,सुनील कुमार सिंह,नंदकुमार सिंह,तिलकराम वर्मा,महेश प्रताप सिंह,प्रभात यादव,प्रदीप सिंह,गंगा बख्श सिंह,अनुज रस्तोगी,भुजंग प्रसाद,भारती भौमिक,विष्णु शंकर तिवारी समेत दर्जनों शिक्षकों ने भाग लिया।
प्रबन्ध समितियों और शिक्षकों ने किया विरोध:......
सभा को संबोधित करते हुए विद्यालय प्रबंध समिति ज्ञानपुर के अध्यक्ष ने कहा कि “मर्जर की यह नीति बच्चों के भविष्य को अंधकार में धकेलने का कार्य कर रही है। इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।”अन्य वक्ताओं ने कहा कि आने वाले वर्षों में इस नीति के तहत न केवल विद्यालय बंद होंगे, बल्कि नई शिक्षक भर्तियां भी रुक जाएंगी और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पाएगी।
बैठक को सम्बोधित करते जिला उपाध्यक्ष इन्द्रप्रताप सिंहजनपदीय उपाध्यक्ष का सरकार के खिलाफ पलटवार संबोधन:......
जिला उपाध्यक्ष इन्द्र प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ विद्यालय प्रबंध समितियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि “हम शिक्षा, विद्यालय और बच्चों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह एकजुट हैं। आप सभी का असहमति प्रस्ताव प्रांतीय स्तर पर भेजा जाएगा, ताकि आपकी भावनाओं का सम्मान हो सके।”अंत में उन्होंने सभी शिक्षकों से उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रति विश्वास बनाए रखने की अपील करते हुये आश्वासन दिया कि संगठन हर परिस्थिति में शिक्षकों और शिक्षा व्यवस्था के हितों की रक्षा हेतु प्रतिबद्ध है।


