नवरात्रि में भण्डारे के दौरान श्रद्धालुओं ने लगाया पुलिस पर लाउडस्पीकर बंद करवाने का आरोप,किया प्रदर्शन
नवरात्रि में भण्डारे के दौरान श्रद्धालुओं ने लगाया पुलिस पर लाउडस्पीकर बंद करवाने का आरोप,किया प्रदर्शन
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। जनपद गोण्डा अन्तर्गत थाना क्षेत्र परसपुर के ग्राम सिंगरिया के मजरा बनवरिया में शारदीय नवरात्रि के मद्देनजर आयोजित देवीस्थान पर पूजा पाठ के पश्चात भंडारे का प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुक्रवार के दोपहर में देवीस्थल पर बज रहे साउण्ड मशीन को पुलिस द्वारा बंद करवाने पर ग्रामीण श्रद्धालु आक्रोशित हो उठे।
और साउण्ड मशीन बंद कराने का पुलिस पर आरोप लगाते हुए श्रद्धालु प्रदर्शन पर अड़ गये।वहीं नवमी तिथि को देवी पूजन को आई गांव की महिलाओं व श्रद्धालुओं ने बताया कि परसपुर बालपुर मार्ग पर बनवरिया गांव के बाहर प्राचीन गूंगी भवानी के नाम से देवी स्थान है। जहाँ पर प्रति वर्ष हरेक तीज त्योहारों में पूजा पाठ भण्डारा की परंपरा है। इसी गूंगी भवानी नामक देवीस्थान पर शुक्रवार को श्रद्धालु लाउडस्पीकर बजाकर पूजा पाठ कर रहे थे। श्रद्धालुओं ने आरोप लगाते हुए बताया कि एक समुदाय के इबादत दोपहर नमाज का हवाला देकर पहुंचे पुलिस बल ने देवी स्थान पर बज रहे लाउडस्पीकर को जबरन बंद करवा दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि देवी स्थान पूजा स्थल पर गैर समुदाय के लोगों ने जबरन झंडा गाड़ दिया। मामला बढ़ते देख पुलिस पहुंचने पर उन लोगों ने किसी तरह से झंडा हटाया। इसकी खबर फैलते ही काफी ग्रामीण इकट्ठा हो गये। जिससे आक्रोशित श्रद्धालु पुलिस के निरंकुश कार्यशैली से क्षुब्ध होकर अपनी मांग को लेकर सड़क पर उतर आये। यह देख पुलिस के हाथ पांव फूलने लगे। मौके पर पहुंचे परसपुर थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने किसी तरह से श्रद्धालुओं को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया।


