गांव-गांव पहुंचकर सहकार भारती जिलाध्यक्ष ने किया जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। सहकार भारती के जिलाध्यक्ष त्रिलोकी सिंह के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विकास खण्ड परसपुर के ग्राम चरसडी, बहुवन मदार माझा, रायपुर, गोड़री पुरवा सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष त्रिलोकी सिंह ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार पारदर्शिता के साथ जनहितकारी योजनाओं का संचालन कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव एवं बिचौलियों के योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकतम लाभ उठाने तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं तथा योजनाओं से संबंधित उनके प्रश्नों का समाधान किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष पंकज सिंह, सोनू सिंह, विजय कुमार सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

