"करो योग, रहो निरोग" के संदेश के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
"करो योग, रहो निरोग" के संदेश के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को परसपुर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संदेश दिया।
शिक्षा क्षेत्र परसपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलवा नोहर में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक योग किया। विद्यालय के विज्ञान शिक्षक मनोज कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग शारीरिक फिटनेस, मानसिक शांति और तनाव को कम करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि शरीर को निरोग रखने के लिए नियमित योग करना अत्यंत आवश्यक है तथा इसका उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
वहीं प्राथमिक विद्यालय परसपुर प्रथम में प्रधानाध्यापक रामदीन विश्वकर्मा के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग बिना औषधि के अनेक बीमारियों से बचाव करने के साथ-साथ शरीर को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में शिव किशोर पाण्डेय, कीर्ति सिंह, लक्ष्मी सिंह, नेहा सोनी सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



