अंतिम संस्कार करने जा रहे लोगों से भरी नाव नदी में पलटी,तीन की मौत,शेष की तलाश जारी
अंतिम संस्कार करने जा रहे लोगों से भरी नाव नदी में पलटी,तीन की मौत,शेष की तलाश जारी
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
सीतापुर।। जनपद सीतापुर में शनिवार को अंतिम संस्कार करने नदी पार करते समय शारदा नदी में नाव पलटने से नाव पर सवार लोग नदी में डूब गये। प्राप्त जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र तंबौर के रतनगंज गांव निवासी दिनेश गुप्ता की मौत हो गई थी।परिजन और रिश्तेदार दो नावों से शारदा नदी को पार करके दिनेश का अंतिम संस्कार करने जा रहे थे।एक नाव पर दिनेश का शव और कुछ परिजन थे और दूसरी नाव पर लगभग 10 से 12 लोग सवार थे।पहली नाव नदी के पार पहुंच गई और दूसरी नाव नदी के बीच में पलट गई,जिससे नाव में सवार सभी लोग डूब गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने गोताखोरों की मदद से अब तक सात लोगों को नदी से निकाल लिया है।उन्हें तंबौर सीएचसी पर ले जाया गया,जिनमें से तीन लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है। नाव पर सवार कई लोग अब भी लापता है।इनकी तलाश में गोताखोर जुटे हैं।
सूत्रों के मुताबिक मृतकों में मृतक दिनेश की ममेरी बहन कुमकुम (13),संजय (32) निवासी ग्राम रामपुर जिला बहराइच एवं खुशबू (30) निवासी ग्राम सुपौली शामिल हैं।अन्य चार लोगों का सीएचसी पर उपचार चल रहा है।डाक्टरों के मुताबिक चारों की हालत गंभीर बनी हुई है।मौके पर भारी संख्या में पुलिस और ग्रामीण जुटे हैं।गोताखारों की मदद से नदी में डूबे लोगों की तलाश जारी है।
परिजनों के मुताबिक होली के दिन रंग खेलने के बाद रतनगंज गांव के 32 वर्षीय दिनेश गुप्ता अपने साथियों के साथ गांव के पास से गुजरी शारदा नदी में नहाने गया था।नदी में नहाते समय एक बच्चा डूबने लगा। बच्चे को बचाने के लिए दिनेश नदी में कूद गया और बच्चे को बचाकर नदी के किनारे कर दिया। इसी दौरान अचानक दिनेश गहराई में चला गया।देखते ही देखते दिनेश डूबने लगा।चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े।गोताखोरों ने दिनेश को नदी से बाहर निकाला और आनन फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तंबौर ले जाया गया,जहां डाक्टर ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया।दिनेश गुप्ता का ही अंतिम संस्कार करने के लिए परिजन शारदा नदी के उस पार जा रहे थे।
