मिशन शक्ति 5.0 के तहत गांव-गांव जाकर महिला आरक्षियों ने दिया सुरक्षा का संदेश
महिला सुरक्षा को लेकर परसपुर पुलिस का जागरूकता अभियान तेज
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर, गोंडा।। थाना परसपुर क्षेत्र में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर एक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। थानाध्यक्ष अनुज त्रिपाठी के निर्देशन में महिला आरक्षियों की टीम ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों का भ्रमण कर महिलाओं और किशोरियों से संवाद किया।
इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को प्रदेश सरकार द्वारा जारी सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर – 1076, 1090, 181, 108, 102 और डायल 112 सहित स्थानीय थाना के संपर्क सूत्रों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये नंबर 24 घंटे सक्रिय हैं और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए उपलब्ध हैं।
महिलाओं से कहा गया कि संकट की स्थिति में बिना झिझक इन नंबरों का प्रयोग करें और अपने आसपास की महिलाओं को भी इसके प्रति जागरूक करें। यह अभियान न केवल सुरक्षा जागरूकता का माध्यम बना, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने वाला भी साबित हुआ।
ग्रामीण महिलाओं ने परसपुर पुलिस की इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से चलाए जाएं, जिससे महिलाएं खुद को अधिक सुरक्षित और सशक्त महसूस कर सकें।
थानाध्यक्ष अनुज त्रिपाठी ने बताया कि “मिशन शक्ति के तहत हमारा उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है ताकि वे अपने अधिकारों और संसाधनों का सही समय पर उपयोग कर सकें।”




