आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर पथ संचलन और शस्त्र पूजन का आयोजन
आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर पथ संचलन और शस्त्र पूजन का आयोजन
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को परसपुर खंड के ब्रह्मचारी बाबा स्थान से भव्य पथ संचलन और शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन विजयदशमी पर्व के अवसर पर हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वज प्रणाम (ध्वज पूजन) के साथ की गई, जिसके पश्चात आदिशक्ति मां दुर्गा शाखा पंचवटी नरायन जैसिंह के स्वयंसेवकों द्वारा ब्रह्मचारी बाबा स्थान से पथ संचलन प्रारंभ हुआ, जो विभिन्न मार्गों से होता हुआ चरसडी स्थित ब्रह्मचारी बाबा स्थान पर सम्पन्न हुआ।
परसपुर खंड कार्यवाह के. पी. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन संघ की परंपरागत गतिविधियों का हिस्सा है, जो हर वर्ष विजयदशमी पर आयोजित होता है, लेकिन इस वर्ष यह संघ के शताब्दी वर्ष की विशेषता को ध्यान में रखते हुए और अधिक उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता जिला कार्यवाह अश्वनी जी ने संघ के इतिहास और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 1925 में मात्र पाँच स्वयंसेवकों से शुरू हुआ संगठन, आज देशभर में राष्ट्र सेवा और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का आधार बन चुका है। उन्होंने स्वयंसेवकों से राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने और समाज सेवा को जीवन का उद्देश्य बनाने का आह्वान किया।



