आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर परसपुर में भव्य विजयादशमी उत्सव, पथ संचलन में दिखी अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की झलक
आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर परसपुर में भव्य विजयादशमी उत्सव, पथ संचलन में दिखी अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की झलक
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सौवें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में मंगलवार को नगर के तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज मैदान में विजयादशमी उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर संघ के स्वयंसेवकों ने अनुशासन और एकजुटता का परिचय देते हुए भव्य पथ संचलन निकाला, जिसने जनमानस को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रचार प्रमुख सुभाष जी द्वारा डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार, श्री माधव सदाशिव गोलवलकर 'गुरुजी', भारत माता, भगवान श्रीराम और महर्षि वाल्मीकि के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पारंपरिक शस्त्र पूजन के साथ की गई।
इसके पश्चात तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज से परसपुर चौराहा, भौरीगंज मोड़ होते हुए आटा तक भव्य पथ संचलन निकाला गया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण गूंज उठा। मार्ग में स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का जोरदार स्वागत किया।
मुख्य वक्ता सुभाष जी ने कहा कि विजयादशमी का दिन केवल धार्मिक दृष्टि से नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चेतना के पुनर्जागरण का भी प्रतीक है। प्रभु श्रीराम और मां दुर्गा के विजयोत्सव के इस दिन ही वर्ष 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की थी। आज यह संगठन देश की सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का सबसे बड़ा उदाहरण बन चुका है।
उन्होंने कहा कि डॉ. हेडगेवार एक ऐसे राष्ट्रभक्त थे जिन्होंने उस समय समाज को जोड़ने का संकल्प लिया जब देश पराधीनता की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था। उन्होंने जातिवाद, भाषावाद और प्रांतवाद से ऊपर उठकर भारत को एक सूत्र में पिरोने का कार्य शुरू किया, जो आज भी संघ के कार्य में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
इस अवसर पर करनैलगंज विधायक अजय सिंह भी स्वयंसेवक की भूमिका में शामिल हुए और कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
समारोह की अध्यक्षता भुजंग प्रसाद ने की। मंच पर मंडल कार्यवाह शिवकुमार, खंड संघचालक श्यामसुंदर, विभाग प्रचारक प्रवीण, जिला प्रचारक सतीश, खंड कार्यवाह के.पी. सिंह, जिला बौद्धिक शिक्षण प्रमुख अरुण शुक्ला, सूरज सिंह, वंश बहादुर सिंह, डब्लू सिंह, जन्मेजय सिंह, जिला शारीरिक प्रमुख प्रदीप पांडेय, राजाराम पासवान, अभिषेक रस्तोगी, विजय कुमार सिंह, धीरेंद्र सिंह, मनोज सिंह, कृष्ण कुमार, राम सिंह, शंभूनाथ कौशल, राजू गुप्ता, दयाशंकर, ओंकार सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे।






