गोंडा में "UP ट्रेड शो स्वदेशी मेला-2025" का भव्य शुभारंभ
गोण्डा में "UP ट्रेड शो स्वदेशी मेला-2025" का भव्य शुभारंभ
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा, महिलाओं को मिला मंच
गोण्डा।। जिला मुख्यालय स्थित गांधी पार्क में "UP ट्रेड शो स्वदेशी मेला-2025" का भव्य शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र एवं मंडलायुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
उद्योग विभाग द्वारा आयोजित इस मेले में स्वयं सहायता समूहों, महिला उद्यमियों और स्थानीय कारीगरों के स्वदेशी उत्पादों, जैसे हस्तशिल्प, घरेलू सामग्री, जैविक उत्पाद व हस्तनिर्मित वस्त्रों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया है। करवा चौथ को देखते हुए महिलाओं को मेहंदी लगाने की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने स्टॉल्स का निरीक्षण कर समूहों की सराहना की।
उद्योग विभाग के जीएम बाबूराम ने बताया कि यह मेला ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है। इसमें खादी ग्रामोद्योग, कृषि, गन्ना, रेशम व अन्य विभागों के स्टॉल्स भी लगे हैं जो योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।यह मेला 18 अक्टूबर तक गांधी पार्क में जारी रहेगा।




