उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलवा नोहर में विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन
उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलवा नोहर में विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। शिक्षा क्षेत्र परसपुर अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलवा नोहर में “नो बैग डे” के अवसर पर विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता तथा भारत की सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। विद्यार्थियों ने "कबाड़ से जुगाड़" की थीम पर आकर्षक एवं उपयोगी मॉडल प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया।
प्रदर्शनी में कक्षा 8 के छात्र आनंद वर्मा ने बेकार सामान, पुली एवं बैटरी की सहायता से कार्यशील लिफ्ट का मॉडल तैयार किया। आनंद ने बताया कि पुली और मोटर के सिद्धांत के माध्यम से भारी सामान को आसानी से ऊपर-नीचे किया जा सकता है। उनका मॉडल दैनिक जीवन में विज्ञान के उपयोग को दर्शाता है।
वहीं कक्षा 8 के छात्र कपिल कुमार ने पृथ्वी के घूर्णन से दिन और रात होने की प्रक्रिया को समझाने के लिए “जलता हुआ सूरज” नामक गतिशील मॉडल प्रस्तुत किया। बल्ब को सूर्य तथा ग्लोब को पृथ्वी के रूप में प्रयोग कर बच्चों को सरल तरीके से दिन-रात की अवधारणा समझाई गई।कक्षा 8 की छात्रा नैना वर्मा ने भारत की प्राचीन संस्कृति एवं भौगोलिक एकता को दर्शाते हुए “अखंड भारत” का मॉडल प्रस्तुत किया। मॉडल में तक्षशिला से लेकर कन्याकुमारी तक के प्रमुख स्थलों को दर्शाया गया। छात्राओं ने बताया कि भारतीय संस्कृति पूरे उपमहाद्वीप को एक सूत्र में बांधने का कार्य करती है।
विज्ञान शिक्षक मनोज कुमार चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जब बच्चे स्वयं बनाकर सीखते हैं तो विज्ञान बोझ नहीं लगता। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई शिक्षा नीति-2020 के “करके सीखने” के सिद्धांत को साकार करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शुक्रवार को आयोजित “कौन बनेगा चैंपियन” प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
प्रधानाध्यापक श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि सभी मॉडल “कबाड़ से जुगाड़” की थीम पर तैयार किए गए हैं। साथ ही मीना मंच की टीम द्वारा विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न टोलियों का गठन भी किया गया।
इस अवसर पर एसएमसी अध्यक्ष, अभिभावकगण, सहायक अध्यापक अखिलेश कुमार एवं महेश कुमार सहित विद्यालय के छात्र छात्राएं व अन्य लोग उपस्थित रहे। अभिभावकों ने बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना करते हुए गर्व व्यक्त किया।




