दुल्लापुर तरहर में एसडीएम ने परखा जनगणना कार्य, गुणवत्ता पर दिया जोर
दुल्लापुर तरहर में एसडीएम ने परखा जनगणना कार्य, गुणवत्ता पर दिया जोर
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। करनैलगंज की उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने सोमवार को परसपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत दुल्लापुर तरहर का दौरा कर जनगणना कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे मकान गणना एवं अन्य सर्वेक्षण कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित कर्मियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने जनगणना कार्य में संलग्न कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी सूचनाओं का संकलन पूरी सावधानी और सटीकता के साथ किया जाए, जिससे किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण का आधार होते हैं, इसलिए इसकी गुणवत्ता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
नेहा मिश्रा ने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कर्मचारियों को निर्धारित समयावधि के भीतर शेष कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं निगरानी कर जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने को कहा।
