उपजा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जी.सी. श्रीवास्तव को मिला ‘स्व. सुरेन्द्र बहादुर सिन्हा पत्रकारिता स्मृति सम्मान’
उपजा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जी.सी. श्रीवास्तव को मिला ‘स्व. सुरेन्द्र बहादुर सिन्हा पत्रकारिता स्मृति सम्मान’
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
गोण्डा।। जनपद गोण्डा एवं प्रदेश की पत्रकारिता जगत के लिए गौरवपूर्ण क्षण उस समय आया जब वरिष्ठ पत्रकार, उपजा (यू.पी. जर्नलिस्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन) के प्रदेश अध्यक्ष एवं पत्रकार हितों के मुखर प्रवक्ता डॉ. जी.सी. श्रीवास्तव को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित "28वां स्व. सुरेन्द्र बहादुर सिन्हा पत्रकारिता स्मृति सम्मान" से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान भारतीय पत्रकारिता संस्थान एवं मानव सेवा क्लब, बरेली द्वारा आयोजित संस्थान के 43वें वार्षिकोत्सव समारोह में प्रदान किया गया। रोटरी भवन, बरेली में आयोजित समारोह के दौरान डॉ. श्रीवास्तव को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मान ग्रहण करने के उपरांत अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि भारतीय पत्रकारिता पिछले दो शताब्दियों से राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण धुरी रही है। उन्होंने पत्रकारिता के समक्ष मौजूद चुनौतियों, विशेषकर फेक न्यूज, टीआरपी की प्रतिस्पर्धा और बढ़ते कॉरपोरेट प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए निष्पक्ष, उत्तरदायी एवं जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता, साहित्य, शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई अन्य व्यक्तित्वों को भी सम्मानित किया गया। साथ ही "200 वर्षों की पत्रकारिता : क्या पाया और क्या खोया" विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित कर पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और चुनौतियों पर गंभीर मंथन किया गया।
डॉ. जी.सी. श्रीवास्तव को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलने की सूचना से गोण्डा सहित प्रदेशभर के पत्रकारों में हर्ष का वातावरण है। पत्रकारों एवं सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे जनपद और प्रदेश की पत्रकारिता के लिए सम्मानजनक उपलब्धि बताया है।
