बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचीं एसडीएम, बच्चों का जाना हालचाल
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचीं एसडीएम, बच्चों का जाना हालचाल
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
करनैलगंज गोण्डा। आगामी बाढ़ सत्र को देखते हुए उपजिलाधिकारी करनैलगंज नेहा मिश्रा ने क्षेत्र के नकहरा सहित संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर सुरक्षा एवं राहत संबंधी तैयारियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बाढ़ से पूर्व सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने को कहा।
दौरे के दौरान एसडीएम ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा बाढ़ के समय उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। इसी क्रम में उन्होंने एक बच्चे से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना और उसके स्वास्थ्य एवं परिवार की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। एसडीएम के इस आत्मीय व्यवहार की ग्रामीणों ने सराहना की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने तटबंधों, राहत शिविरों, सुरक्षित स्थलों तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ की संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए समय-समय पर क्षेत्र का निरीक्षण किए जाने की मांग भी की।
