“कौन बनेगा चैंपियन” प्रतियोगिता में विकास और आलोक बने चैंपियन

 




“कौन बनेगा चैंपियन” प्रतियोगिता में विकास और आलोक बने चैंपियन

रिपोर्ट:- आर के मिश्रा

परसपुर गोण्डा।। शिक्षा क्षेत्र परसपुर अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलवा नोहर में विद्यार्थियों के मानसिक विकास, आत्मविश्वास एवं तार्किक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित “कौन बनेगा चैंपियन” प्रतियोगिता उत्साह और प्रतिस्पर्धा के माहौल में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में कक्षा 7 एवं 8 के कुल 82 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

ज्ञानवर्धक इस प्रतियोगिता का आयोजन सीनियर और जूनियर दो वर्गों में किया गया। कार्यक्रम प्रभारी मनोज कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि प्रतियोगिता में गणित, विज्ञान, इतिहास, भूगोल, हिंदी और अंग्रेजी विषयों से जुड़े 50 प्रश्न पूछे गए, जिनमें विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिए।

सीनियर वर्ग में कक्षा 8 के मेधावी छात्र विकास पासवान ने 42 अंक अर्जित कर “चैंपियन” का खिताब अपने नाम किया। सत्यम सिंह ने 40 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि आयुष 38 अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहे।

कौन बनेगा चैंपियन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते छात्र छात्राएं

वहीं जूनियर वर्ग में कक्षा 7 के आलोक चौहान ने 40.5 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया। विभु तिवारी 40 अंक के साथ बेहद मामूली अंतर से दूसरे स्थान पर रहे, जबकि यशराज ने 38 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रधानाध्यापक श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय में प्रत्येक माह विभिन्न विषयों पर इस प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं, ताकि बच्चों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित हो और उनका बौद्धिक स्तर मजबूत हो सके। उन्होंने बताया कि विजेता छात्र-छात्राओं को गुरुवार को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।

कार्यक्रम के सफल संचालन में सहायक अध्यापक अखिलेश कुमार एवं महेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

Popular posts from this blog

सपा नेता हत्याकांड का पांचवां आरोपी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे

संदिग्ध परिस्थितियों में मिला 29वर्षीय युवक का शव,परिजनों न्त्याके की आशंका

तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज में प्री-बोर्ड परीक्षा का शुभारंभ, शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ प्रथम दिवस