जनता दर्शन में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुन विधायक ने कराया समाधान का भरोसा
जनता दर्शन में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुन विधायक ने कराया समाधान का भरोसा
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। विधानसभा क्षेत्र करनैलगंज के अंतर्गत विकास खंड परसपुर के कंडरू स्थित कैंप कार्यालय पर रविवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें विधायक अजय सिंह के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, बुजुर्ग एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जनता दर्शन के दौरान विधायक ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
विधायक अजय सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और जनता के बीच सीधा संवाद लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। जनता दर्शन कार्यक्रम के माध्यम से लोगों की समस्याओं को न केवल सुना जा रहा है, बल्कि उनके त्वरित समाधान का भी प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, जनकल्याण और आमजन की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। जनता का स्नेह, विश्वास और कार्यकर्ताओं का सहयोग उन्हें जनसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है।
कार्यक्रम के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि अन्य समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं समर्थक उपस्थित रहे।




