भक्ति और श्रद्धा से सराबोर हुआ दुलार बाग, श्रीमद्भागवत कथा सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु
भक्ति और श्रद्धा से सराबोर हुआ दुलार बाग, श्रीमद्भागवत कथा सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा। चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग स्थित दुलार बाग, बहुवन मदार मांझा इन दिनों भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा है। यहां आयोजित नौ दिवसीय श्री वैभव लक्ष्मी महायज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। दूर-दराज से पहुंच रहे श्रद्धालु यज्ञ, पूजन एवं श्रीमद्भागवत कथा में सहभागिता कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन सायंकाल आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में कथाव्यास गोपाल सेवक बाबा कालिन्दी चरण दास जी महाराज श्रद्धालुओं को अमृतमयी कथा का रसपान करा रहे हैं। शुक्रवार को कथा व्यास ने श्रीमद्भागवत महापुराण की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि यह ग्रंथ मानव जीवन को धर्म, भक्ति और सदाचार का मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा के श्रवण से मनुष्य के समस्त पापों का नाश होता है तथा उसे मोक्ष की प्राप्ति होती है।
कथा के दौरान प्रस्तुत की गई मनमोहक एवं जीवंत झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भगवान की लीलाओं पर आधारित झांकियों को देखकर पूरा पंडाल भक्तिरस में डूब गया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच भावविभोर नजर आए।
पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। महायज्ञ में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु प्रतिदिन पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। इस अवसर पर रामकुमार सिंह, बबलू सिंह, चंद्रहांस सिंह ‘मंटू’, भूलन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
