रोजगार मेले में 31 युवाओं को मिला काम, गुजरात–नोएडा की कंपनियों ने किया चयन
रोजगार मेले में 31 युवाओं को मिला काम, गुजरात–नोएडा की कंपनियों ने किया चयन
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।।विकास खण्ड परसपुर अंतर्गत सुसुंडा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) कर्नेलगज में बुधवार को आयोजित रोजगार मेले में युवाओं की अच्छी-खासी भागीदारी देखने को मिली। मेले के दौरान गुजरात और नोएडा की दो प्रतिष्ठित कंपनियों ने 31 अभ्यर्थियों का चयन किया।
रोजगार मेले में नोएडा की क्वेस कॉर्प लिमिटेड और गुजरात की एसकेएचवाई टेक प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि शामिल हुए। कुल 100 पदों के सापेक्ष बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। हालांकि साक्षात्कार के दौरान आधे से अधिक अभ्यर्थी कंपनियों के बुनियादी सवालों का संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके।
मेले में महिला अभ्यर्थियों की भी सहभागिता रही, लेकिन अधिकांश ने नोएडा और गुजरात जाकर नौकरी करने से असहमति जताई। केवल एक युवती नोएडा स्थित कंपनी में कार्य करने के लिए सहमत हुई।
आईटीआई के प्रधानाचार्य प्रभुनाथ मिश्रा ने बताया कि गुजरात की कंपनी चयनित अभ्यर्थियों को 23 हजार रुपये मासिक वेतन देगी, जबकि नोएडा की कंपनी में 18 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन तय किया गया है। चयन लाइन और असेंबली ऑपरेटर पदों के लिए किया गया है। कंपनियों ने प्रारंभिक एक वर्ष के प्रशिक्षण के बाद स्थायी नियुक्ति का भरोसा भी दिलाया है।
प्रधानाचार्य ने यह भी बताया कि कई युवतियों ने लखनऊ में ही रोजगार की इच्छा जताई है। ऐसे अभ्यर्थियों के बायोडाटा सुरक्षित रखे गए हैं और भविष्य में कंपनियों से समन्वय कर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर कर्मवीर सिंह, रामचंद्र, मनीष, हनुमान,कार्यदेशक राम इंद्र सहित अन्य कर्मचारी व अधिकारी व छात्र छात्राएं उपस्थित रहीं।


