अटल जन्मशताब्दी पर काव्य गोष्ठी का आयोजन,अटल जी की ओजस्वी कविताओं से गूंजा परिसर
अटल जन्मशताब्दी पर काव्य गोष्ठी का आयोजन,अटल जी की ओजस्वी कविताओं से गूंजा परिसर
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। विधानसभा क्षेत्र करनैलगंज अंतर्गत विकास खण्ड परसपुर के ग्राम कडरू स्थित कैम्प कार्यालय में विधायक अजय सिंह के नेतृत्व में भारत रत्न, युगद्रष्टा, कालजयी कवि, ओजस्वी वक्ता एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर एक भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, साहित्यप्रेमियों, युवाओं एवं ग्रामवासियों ने सहभागिता कर अटल जी के विचारों को नमन किया।
उक्त काव्य गोष्ठी के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी जी की ओजपूर्ण, राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत और प्रेरणादायी कविताओं का पाठ किया गया। इन कविताओं के माध्यम से उनके विचार, संस्कार, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अटूट आस्था तथा देश के प्रति अद्वितीय समर्पण को भावपूर्ण ढंग से स्मरण किया गया। उपस्थित जनसमूह ने कविताओं के माध्यम से अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व को आत्मसात किया।
क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतंत्र की मजबूती और भारतीय सांस्कृतिक चेतना के संरक्षण का प्रेरणास्रोत रहा है। एक कुशल राजनेता होने के साथ-साथ वे संवेदनशील कवि और विचारक भी थे, जिनकी वाणी आज भी देशवासियों को मार्गदर्शन प्रदान करती है।
कार्यक्रम आयोजक एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष वंश बहादुर सिंह ने बताया कि काव्य गोष्ठी के माध्यम से युवाओं एवं समाज के प्रत्येक वर्ग को अटल जी के विचारों से जोड़ने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय और प्रेरक है। इससे नई पीढ़ी को राष्ट्रनिर्माण के प्रति सकारात्मक सोच और दायित्वबोध की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि सूरज सिंह, विजय बहादुर पाठक, इतेंद्र सिंह गुड्डू,सालिक राम प्रधान,बृजेश सिंह,प्रदीप तिवारी,अजीत सिंह,राम सिंह, सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी कवि एवं साहित्यकारों का सम्मान करने के पश्चात श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को कोटि-कोटि नमन करते हुये विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई।




