अज्ञात कारणों से लगी आग, तीन परिवारों का आशियाना जलकर राख
अज्ञात कारणों से लगी आग, तीन परिवारों का आशियाना जलकर राख
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। स्थानीय थाना क्षेत्र के पूरे लाली डीहा गांव में बुधवार दोपहर अचानक लगी आग ने तीन परिवारों को भारी नुकसान पहुंचा दिया। आग की चपेट में आने से आवासीय छप्पर समेत गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।
गांव निवासी सूरज पांडेय के अनुसार, दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों में शीलता और राधेश्याम का छप्पर पूरी तरह जल गया।
पीड़ित राधेश्याम ने बताया कि वह छप्पर में ही रहकर जीवनयापन करते थे। आग में उनका सरसों, अनाज, कपड़े, चारा काटने वाली मशीन सहित समस्त घरेलू सामान नष्ट हो गया। वहीं सुशीला का छप्पर भी आग की भेंट चढ़ गया, जिससे उसे भी भारी नुकसान उठाना पड़ा।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, अन्यथा कई और घर इसकी चपेट में आ सकते थे।
घटना की सूचना पर पहुंचे लेखपाल रमेश वर्मा ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया। उन्होंने बताया कि क्षतिपूर्ति के लिए रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी गई है।


