नवप्रवेश उत्सव व वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न
नवप्रवेश उत्सव व वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा। शिक्षा क्षेत्र परसपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय परसपुर प्रथम में बुधवार को नवारम्भ प्रवेश उत्सव एवं वार्षिकोत्सव समारोह बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि करनैलगंज विधायक के पिता शिवकुमार सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी परसपुर चन्द्रभूषण पांडेय एवं तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज परसपुर के प्रवक्ता टी.के. सिंह उपस्थित रहे। वहीं नगर पंचायत परसपुर अध्यक्ष वासुदेव सिंह एवं ग्राम प्रधान कंड़रू की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ मुख्य अतिथि श्री शिवकुमार सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर शिक्षक संघ ब्लॉक अध्यक्ष इन्द्र प्रताप सिंह,वविपिन सिंह सहित विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार सिंह एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
विद्यालय की बालिकाओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद छात्र-छात्राओं द्वारा सरकारी एवं निजी विद्यालयों की तुलना पर आधारित नाटक, लोकगीत तथा शिक्षा के महत्व पर प्रेरणादायक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में अंशिका सिंह, निहारिका सैनी, मान्या सोनी, फिजा बानो, जोया, पूनम, करिश्मा, शगुन, मोनिका, मोहिनी, शुभ गुप्ता, विनय शर्मा एवं अंश सोनी सहित कई छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं कक्षा 8 के छात्र ध्रुव श्रीवास्तव ने बालिका शिक्षा पर अंग्रेजी में प्रभावशाली भाषण दिया।
मुख्य अतिथि शिवकुमार सिंह द्वारा प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। इसके पश्चात विशिष्ट अतिथि टी.के. सिंह एवं अन्य वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह के अंत में प्रधानाध्यापक राजेश कुमार सिंह द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही अन्य अतिथियों एवं सहयोगियों को भी स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का संचालन अमृता रस्तोगी ने कुशलतापूर्वक किया। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग, अभिभावक एवं शिक्षकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










