शिक्षामित्रों ने विधायक अजय सिंह का किया सम्मान, मुख्यमंत्री को भेजा आभार पत्र
शिक्षामित्रों ने विधायक अजय सिंह का किया सम्मान, मुख्यमंत्री को भेजा आभार पत्र
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
गोण्डा।। शिक्षामित्र संघ परसपुर एवं शिक्षामित्र संघ करनैलगंज के शिक्षामित्रों ने रविवार को कर्नलगंज विधायक अजय सिंह का पुष्पगुच्छ, स्मृतिचिन्ह व माल्यार्पण कर सम्मान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहकर विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान विधायक अजय सिंह ने कहा कि लगातार दूसरे रविवार को आकर शिक्षामित्रों द्वारा किया गया सम्मान उन्हें भावुक कर गया है। उन्होंने कहा, “आप सभी गुरुजनो ने मुझे अपना आशीर्वाद देकर ऋणी बना दिया है। मैं आपके आंगन का बेटा और भाई हूं। जब भी कोई समस्या हो, अजय सिंह के घर का दरवाजा आपके लिए हमेशा खुला रहेगा।”
विधायक ने आगे कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में शिक्षामित्रों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं और वर्ष 2027 के चुनाव से पूर्व और भी सकारात्मक कदम देखने को मिलेंगे।
मुख्यमंत्री को प्रेषित किया आभार पत्र.......
कार्यक्रम के उपरांत शिक्षामित्र प्रतिनिधियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को संबोधित एक आभार पत्र विधायक अजय सिंह के माध्यम से प्रेषित किया। पत्र में प्रदेश के लगभग डेढ़ लाख शिक्षामित्रों की ओर से सरकार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
आभार पत्र में उल्लेख किया गया है कि 5 सितंबर 2025 को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षामित्रों के मानदेय वृद्धि, कैशलेस इलाज सुविधा तथा स्थानांतरण संबंधी घोषणाओं से शिक्षामित्रों व उनके परिवारों में नई आशा का संचार हुआ है।
बताया गया कि सरकार द्वारा स्थानांतरण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है तथा पांच लाख रुपये तक की निःशुल्क कैशलेस इलाज सुविधा के आदेश जारी किए जा चुके हैं। साथ ही 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय 1 अप्रैल 2026 से लागू करने की घोषणा से शिक्षामित्रों में उत्साह का माहौल है।
शिक्षामित्र प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्यों, सांसदों, विधायकों व विधान परिषद सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शेष समस्याओं के समाधान की भी अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर मनुवा तिवारी (ब्लॉक अध्यक्ष कर्नलगंज), कन्हैया बक्स सिंह (मंत्री परसपुर), धनश्याम सिंह (वरिष्ठ उपाध्यक्ष परसपुर), अवधेश कुमार मिश्रा (कोषाध्यक्ष परसपुर), राजकुमार शुक्ला (ब्लॉक अध्यक्ष हलधरमऊ), महेंद्र प्रताप सिंह (ब्लॉक अध्यक्ष परसपुर), अवधेश मणि मिश्रा (जिलाध्यक्ष गोण्डा) एवं शिव किशोर पांडेय (संरक्षक परसपुर) सहित अन्य पदाधिकारियों के उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षामित्रों ने एकजुट होकर सरकार के निर्णयों का स्वागत किया और भविष्य में भी सहयोग बनाए रखने का संकल्प लिया।




