श्रीराम चरित मानस ज्ञान यज्ञ एवं सत्संग समारोह का आज से होगा आगाज
श्रीराम चरित मानस ज्ञान यज्ञ एवं सत्संग समारोह का आज से होगा आगाज
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। धार्मिक आस्था एवं भक्ति भाव से ओत-प्रोत “श्रीराम चरित मानस ज्ञान यज्ञ, भजन संध्या एवं सत्संग समारोह” का भव्य आयोजन आज गुरुवार से परसपुर क्षेत्र स्थित श्री अद्वैत स्वरूप संन्यास आश्रम, युक्तपुरी परमधाम (बेलई आश्रम) में आरम्भ किया जाएगा। यह आयोजन 19 मार्च गुरुवार से 27 मार्च 2026 (शुक्रवार, नवमी) तक विधिवत आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन मध्याह्न 1 बजे से सायं 4 बजे तक मानस सत्र का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु श्रीराम कथा का रसपान करेंगे। कथा वाचन का दायित्व कथा व्यास उपासनानन्द पुरी जी (रजनी दीदी) द्वारा निभाया जा रहा है, जिनकी वाणी से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान एवं भक्ति का संदेश प्राप्त होगा।
समारोह का समापन 27 मार्च को भव्य भण्डारे के साथ होगा, जो अपराह्न 1 बजे से ‘हरि इच्छा’ तक चलेगा। आयोजन को परमपूज्य श्री चरण स्वामी श्री राकेश्वरानन्द पुरी जी महाराज का स्नेहाशीष प्राप्त है, जबकि सूक्ष्म संरक्षण रूहानी जॉनशीन नंगली सरकार का है।
इस धार्मिक आयोजन के आयोजक हनुमन्त लाल जी महाराज हैं तथा शशि बहन एवं समस्त आश्रम परिवार द्वारा श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की गई है।
