तोरिया (लाही) बीज मिनीकिट के लिए किसानों को मिला अतिरिक्त मौका, 31 अगस्त तक करें आवेदन
सहायक विकास अधिकारी कृषि अनूप सिंह चौहान
तोरिया (लाही) बीज मिनीकिट के लिए किसानों को मिला अतिरिक्त मौका, 31 अगस्त तक करें आवेदन
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। कृषि निदेशालय, उत्तर प्रदेश (तिलहन अनुभाग) ने किसानों की सुविधा को देखते हुए निःशुल्क तोरिया (लाही पीटी 508) बीज मिनीकिट बुकिंग की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब किसान 15 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
विकास खंड परसपुर के सहायक विकास अधिकारी (कृषि) अनूप सिंह चौहान ने बताया कि पहले आवेदन की अंतिम तिथि 15 अगस्त तय थी, जिसे अब बढ़ाकर 31 अगस्त कर दिया गया है। आवेदन कृषि विभाग के पोर्टल पर ही किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि परसपुर ब्लॉक के लिए केवल एक कुंतल निःशुल्क बीज का लक्ष्य निर्धारित है। पैकेट 2 किलोग्राम का होने के कारण यह सुविधा सिर्फ 50 किसानों को ही मिल सकेगी। यदि पंजीकरण 50 से अधिक होते हैं तो लाभार्थियों का चयन लकी ड्रा के माध्यम से किया जाएगा। जिनका नाम लकी ड्रा में आएगा, उन्हें निःशुल्क बीज दिया जाएगा।
एडीओ कृषि ने यह भी बताया कि सरकार भविष्य में दलहन और तिलहन की अन्य किस्मों के निःशुल्क बीज भी उपलब्ध कराएगी। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि पंजीकरण करते समय आधार कार्ड और मोबाइल नंबर अपने साथ अवश्य रखें।
अपर कृषि निदेशक (तिलहन एवं दलहन) अनिल कुमार पाठक ने सभी जनपदीय उप कृषि निदेशकों को निर्देश दिया है कि इस संबंध में प्रमुख स्थानीय दैनिक समाचार पत्रों में निःशुल्क प्रेस विज्ञप्ति प्रकाशित कराकर अधिक से अधिक किसानों को योजना की जानकारी दी जाए।
