भगवान वाराह जयंती पर गूंजे जयघोष, सुन्दरकाण्ड पाठ व हवन-पूजन संपन्न
भगवान वाराह जयंती पर गूंजे जयघोष, सुन्दरकाण्ड पाठ व हवन-पूजन संपन्न
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। विकास खण्ड परसपुर अंतर्गत सूकर खेत पसका स्थित भगवान वाराह मंदिर में सोमवार को वाराह जयंती बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाई गई। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता मंदिर प्रांगण में लगा रहा। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर भगवान के दर्शन और पूजन के लिए पहुँचे।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि शास्त्रों के अनुसार भाद्रपद मास शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को भगवान विष्णु ने वाराह अवतार धारण कर हिरण्याक्ष दैत्य का वध किया था। मान्यता है कि हिरण्याक्ष पृथ्वी माता को गंदगी में छिपाकर ले गया था, जिससे देवता और मनुष्यों में हाहाकार मच गया। तब भगवान विष्णु ने सूकर रूप धारण कर पृथ्वी को दैत्य के चंगुल से मुक्त कराया।
वाराह जयंती के उपलक्ष्य में श्रीरामचरितमानस कृत सुन्दरकाण्ड का पाठ आयोजित किया गया। पाठ के दौरान पूरा वातावरण “जय श्रीराम” और “जय वाराह भगवान” के गगनभेदी नारों से गूंजता रहा। इसके उपरांत विधि-विधानपूर्वक आरती-पूजन सम्पन्न हुआ और प्रसाद वितरण किया गया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने पूरे आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया। मंदिर परिसर में दीप, धूप और फूलों की सुगंध से भक्ति का अद्भुत माहौल बना रहा। श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भजनों पर झूमते और भगवान वाराह के जयकारों से सम्पूर्ण क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
