गरीब किसान के पेड़ काट ले गए दबंग, पुलिस पर पक्षपात का आरोप
गरीब किसान के पेड़ काट ले गए दबंग, पुलिस पर पक्षपात का आरोप
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
गोण्डा।। कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के ग्राम लालेमऊ में एक गरीब किसान ने दबंग पड़ोसियों पर उसकी जमीन से पेड़ काट ले जाने और लगातार उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित शिवकुमार पुत्र बाबूराम ने बताया कि उसकी गाटा संख्या 1054 पर बैनामे की जमीन है, जिसमें लगभग दस साल पुराने शीशम और शहतूत के पेड़ लगे थे। आरोप है कि गांव के ही हरिपाल, सरजू, सलके, विश्राम पुत्रगण गोंगई तथा गोगई पुत्र राम खेलावन ने बीते दिनों रात के अंधेरे में दबंगई दिखाते हुए पेड़ काटकर उठा ले गए।
पीड़ित शिवकुमार की जुबानी,उसकी दर्द भरी कहानीशिवकुमार का कहना है कि विपक्षी अक्सर उसकी जमीन की मेड़ काटकर अपने खेत में मिला लेते हैं और विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। किसान ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने इस घटना की शिकायत थाने पर की तो वहाँ मौजूद दरोगा बृजेश और सिपाही हरीलाल ने उल्टा उसे ही भला-बुरा कहकर भगा दिया। इतना ही नहीं, उसे धमकी दी गई कि दोबारा थाने आया तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा।
पुलिस की इस कार्यप्रणाली से भयभीत किसान ने अब पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है कि मामले की जांच कर विपक्षियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके।
