श्रीशंकर मंदिर धर्मशाला में धूमधाम से मनाया जा रहा गणेश पूजा महोत्सव
श्रीशंकर मंदिर धर्मशाला में धूमधाम से मनाया जा रहा गणेश पूजा महोत्सव
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाने वाला गणेश चतुर्थी पर्व परसपुर नगर स्थित श्रीशंकर मंदिर धर्मशाला में इस वर्ष भी बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया जा रहा है।
बुधवार से प्रारंभ हुए इस आयोजन के अंतर्गत प्रतिदिन पंडित उदयभान मिश्रा वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ विघ्नहर्ता, प्रथम पूज्य भगवान गणेश की पूजा-अर्चना करवा रहे हैं। प्रतिदिन सायंकालीन बेला में गाजे-बाजे संग मंगल आरती संपन्न होती है। इसके पश्चात सिद्धिविनायक गजानन महाराज के भजनों का गायन किया जाता है, जिससे संपूर्ण क्षेत्र “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में गूंज उठता है।
पंडित उदयभान मिश्रा ने बताया कि यह कार्यक्रम 27 अगस्त (बुधवार) से प्रारंभ होकर 2 सितंबर (मंगलवार) तक चलेगा। 27 अगस्त को मूर्ति स्थापना, वेदी पूजन एवं समस्त देवी-देवताओं का आवाहन किया गया।
- 31 अगस्त को रात्रि 8 बजे गणपति जी का महाभोग कराया जाएगा।
- 1 सितंबर को प्रातः 11 बजे हवन का आयोजन होगा।
- 2 सितंबर को नगर भ्रमण के बाद भौरीगंज स्थित सरयू नदी की पावन धारा में गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और पूरा नगर गणेशमय दिखाई दे रहा है।


