गगनभेदी जयकारों संग शिवभक्तों का जत्था, सरयू जल लेकर निकले कांवड़िये
गगनभेदी जयकारों संग शिवभक्तों का जत्था, सरयू जल लेकर निकले कांवड़िये
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। कजरी तीज पर्व के अवसर पर विकास खण्ड परसपुर अंतर्गत भौरीगंज स्थित श्रीरामजानकी घाट पर सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दोपहर बाद से ही महिला-पुरुष शिवभक्त सरयू नदी में स्नान कर जल भरकर कांवड़ यात्रा पर रवाना हो गए।
भौरीगंज श्रीरामजानकी घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़परंपरा के अनुसार अधिकांश कांवड़िये जनपद स्थित बाबा दुखहरण नाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक करते हैं, वहीं कई श्रद्धालु सिंगिरिया स्थित सुभगनाथ मंदिर, कडरू के भारीश्वरनाथ महादेव मंदिर तथा परसपुर कस्बा के नागेश्वरनाथ मंदिर में भगवान शंकर को जल अर्पित करने पहुंचे।
काँवड़ यात्रा में महिलाये बालिकाएं भी रही शामिलविगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी गाजे-बाजे, डीजे की धुन और गगनभेदी हर-हर महादेव के जयकारों के बीच शिवभक्तों का जत्था निरंतर निकलता रहा। कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में बालिकाओं और महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली।
भौरीगंज से रवाना हुआ यह विशाल कांवड़ जत्था परसपुर व बालपुर मार्ग होते हुए जनपद मुख्यालय दुखहरण नाथ मन्दिर तक पहुंचेगा। यात्रा के दौरान डीजे की थाप पर थिरकते कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
सुरक्षा व्यवस्था के प्रति मुस्तैद रहे सुरक्षाकर्मी
श्रद्धालुओं की भीड़ और यात्रा की सुरक्षा को देखते हुए वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमित सिंह के नेतृत्व में भारी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल तैनात रहा और पूरी मुस्तैदी से कांवड़ियों की सेवा व सुरक्षा सुनिश्चित की।






