सरयू पुल के पास लँगूरों का आतंक, आवागमन में दिक्कत,ग्रामीणों ने प्रशासन से मांगी निजात
सरयू पुल के पास लँगूरों का आतंक, आवागमन में दिक्कत
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांगी निजात
परसपुर गोण्डा।। विकास खंड परसपुर अंतर्गत भौरीगंज सरयू पुल के समीप इन दिनों लँगूरों का आतंक बना हुआ है। झुंड के झुंड सड़क पर आ जाने से आवागमन घंटों के लिए ठप हो जाता है। लोग भयभीत होकर सड़क पर निकलने से कतराते हैं और मजबूरन बंदरों के हटने का इंतजार करते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बड़े वाहन आने पर ये लँगूर कुछ दूरी पर हट जाते हैं, लेकिन पैदल यात्रियों व छोटे वाहनों के लिए खतरा बने रहते हैं। खासतौर पर विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। किसी भी समय लँगूरों का झुंड राहगीरों पर हमला कर सकता है।
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि अक्सर ये बंदर दुकानों से सामान उठा ले जाते हैं। इससे व्यापारियों को नुकसान भी झेलना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अचानक न जाने कहाँ से इतने बड़े झुंड में लँगूर आ गए हैं, जिनमें छोटे-बड़े सभी शामिल हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई कर इन लँगूरों से निजात दिलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो कभी भी बड़ी अनहोनी हो सकती है।
