बीआरएस ग्लोबल स्कूल परसपुर में हर्षोल्लास के साथ मना शिक्षक दिवस
बीआरएस ग्लोबल स्कूल परसपुर में हर्षोल्लास के साथ मना शिक्षक दिवस
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। नगर पंचायत परसपुर स्थित बीआरएस ग्लोबल स्कूल में गुरुवार को शिक्षक दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने केक काटकर शिक्षकों की दीर्घायु की कामना की और कलम भेंट कर गुरुजनों के प्रति सम्मान प्रकट किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए स्कूल की डायरेक्टर प्रीती सिंह ने कहा कि “शिक्षक ही समाज के सच्चे निर्माता हैं। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने शिक्षा को जीवन का मूल मंत्र मानकर भारत का गौरव बढ़ाया। ठीक उसी प्रकार हमें भी अपने शिक्षकों की शिक्षा को जीवन में आत्मसात करना चाहिए। शिक्षक वह दीपक हैं जो स्वयं जलकर विद्यार्थियों के जीवन को प्रकाशमान करते हैं।
शिक्षक दिवस पर विचार रखते हुए शिक्षक सुनील तिवारी ने कहा कि यह दिन केवल शिक्षकों को सम्मानित करने का अवसर ही नहीं, बल्कि शिक्षा के महत्व को समझने और आत्मसात करने का भी दिन है। उन्होंने शिक्षक दिवस की विशेषताओं को इस प्रकार बताया—
1. गुरुजनों के प्रति सम्मान – यह दिन हमें अपने शिक्षकों के योगदान को याद करने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है।
2. प्रेरणा का स्रोत – शिक्षक दिवस हमें याद दिलाता है कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो व्यक्तित्व और समाज दोनों को दिशा देती है।
3. डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की स्मृति – यह दिन उनके जन्मदिन पर मनाया जाता है, जिन्होंने शिक्षा को जीवन का मूल मंत्र और राष्ट्र निर्माण का आधार माना।
4. गुरु-शिष्य परंपरा का महत्व – यह अवसर उस प्राचीन परंपरा को जीवित रखता है जिसमें गुरु और शिष्य दोनों मिलकर ज्ञान व संस्कारों का आदान-प्रदान करते हैं।
5. नए संकल्प का अवसर – इस दिन विद्यार्थी शिक्षा को आत्मसात करने और शिक्षक समाज व राष्ट्रहित में अपना योगदान देने का संकल्प लेते हैं।उन्होंने कहा कि “शिक्षक दिवस हमें यह संदेश देता है कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, बल्कि यह जीवन जीने की कला है।”
इस अवसर पर छात्रा अंशी शुक्ला, वैष्णवी, राधिका, महबीश, अक्षिता सहित मयंक, रुद्र प्रताप मिश्रा, अक्षत और एकाक्ष ने अपने गुरुजनों को मिष्ठान्न खिलाकर आभार जताया। वहीं शिक्षकों ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उन्हें पढ़-लिखकर समाज और राष्ट्र की सेवा करने की प्रेरणा दी।
उक्त कार्यक्रम में सपना तिवारी, प्रीती तिवारी, साक्षी कौशल, सलमा राईनी, अखिलेश सिंह, डी.पी. विश्वकर्मा, सुनील तिवारी, संदीप श्रीवास्तव, वैभव पांडेय, संजय सर, अशोक मिश्रा व पीटीआई विजय सिंह सहित कई शिक्षकगण मौजूद रहे।






