पानी की टंकी से जलभराव पर प्रधान ने जल निगम को फिर लिखा पत्र
पानी की टंकी से जलभराव पर प्रधान ने जल निगम को फिर लिखा पत्र
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। विकास खण्ड परसपुर की ग्राम पंचायत पसका में संचालित ग्रामीण पेयजल योजना की पानी की टंकी से हो रहे लगातार जलभराव को लेकर ग्राम प्रधान विट्टू देवी ने अधिशासी अभियंता, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), गोण्डा को पुनः पत्र भेजकर शीघ्र समाधान की मांग की है।
प्रधान ने पत्र में कहा है कि इस समस्या के संबंध में पूर्व में भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। आरोप लगाया कि कार्यदायी संस्था की लापरवाही के कारण टंकी के आसपास लगातार जलभराव बना हुआ है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। साथ ही गंदगी और जलभराव से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है।
प्रधान ने जल निगम से तत्काल संज्ञान लेकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामवासी जनहित में आगे आवश्यक कदम उठाने को विवश होंगे। पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल तथा अधिशासी अभियंता जल निगम को भी प्रेषित की गई है।
