श्रावण मास में मंदिरों की स्वच्छता व श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर हिंदू युवा वाहिनी ने सौंपा ज्ञापन
श्रावण मास में मंदिरों की स्वच्छता व श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर हिंदू युवा वाहिनी ने सौंपा ज्ञापन
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
गोण्डा।। पावन श्रावण मास के अवसर पर हिंदू युवा वाहिनी, जनपद गोण्डा की ओर से शुक्रवार को प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जिले के प्रमुख शिव मंदिरों की स्वच्छता, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के संबंध में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में शिवभक्त विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसरों और मार्गों की नियमित साफ-सफाई, जल निकासी तथा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
हिंदू युवा वाहिनी ने यह भी मांग की कि विगत वर्षों की भांति श्रावण मास के दौरान मंदिरों के आसपास एवं प्रमुख मार्गों पर खुले में मांस, मछली एवं अंडे की बिक्री पर रोक लगाई जाए, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं धार्मिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि श्रावण मास के दौरान हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों के शिवालयों में जलाभिषेक, पूजा-अर्चना तथा सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी करेंगे।
इस अवसर पर कुंवर राजेन्द्र सिंह सीपी बाबा, सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



