धान की सीधी बुवाई वाले खेतों का वैज्ञानिकों ने किया निरीक्षण, किसानों को दिए आधुनिक खेती के टिप्स
धान की सीधी बुवाई वाले खेतों का वैज्ञानिकों ने किया निरीक्षण, किसानों को दिए आधुनिक खेती के टिप्स
रिपोर्ट:-आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। उत्तर प्रदेश कृषि विविधीकरण परियोजना (यूपी डास्प) के अंतर्गत संचालित यूपी एग्रीस कार्यक्रम के तहत विकासखंड परसपुर के विभिन्न गांवों में धान की सीधी बुवाई के प्रदर्शन प्लॉटों का वैज्ञानिकों एवं कृषि अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों को फसल प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग, रोग एवं कीट नियंत्रण तथा जलवायु अनुकूल खेती के संबंध में तकनीकी जानकारी दी गई।
निरीक्षण दल में सह वैज्ञानिक डॉ. धीरज कुमार तिवारी, क्लस्टर कोऑर्डिनेटर डॉ. विपिन कुमार, शोध सहायक सुब्रजीत स्वाइन, वरिष्ठ उप प्रबंधक अमिताभ श्रीवास्तव, सहायक विकास अधिकारी (कृषि) डॉ. अनूप सिंह चौहान तथा खंड तकनीकी प्रबंधक रोहित सिंह शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान ग्राम अंदूपुर में किसान हुकुम नाथ वर्मा के खेत पर संतुलित उर्वरकों के प्रयोग की सलाह दी गई, जबकि ग्राम सुसुंडा में किसान चंद्रशेखर पांडे के खेत में धान की फसल में पीलापन पाए जाने पर अनुशंसित फफूंदनाशक के छिड़काव की सलाह दी गई। इसके अलावा रवि शंकर सिंह, लक्ष्मी नारायण सहित अन्य किसानों के खेतों का भी निरीक्षण कर फसल की नियमित निगरानी, संतुलित उर्वरक एवं कीटनाशकों के वैज्ञानिक उपयोग तथा बदलती जलवायु के अनुरूप आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने की सलाह दी गई।
वैज्ञानिकों ने किसानों से संवाद करते हुए जलवायु अनुकूल खेती के महत्व पर प्रकाश डाला और उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ खेती की लागत कम करने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी।



