स्कूल चलो अभियान" जागरूकता रैली निकालकर बच्चों के नामांकन का दिया संदेश
"स्कूल चलो अभियान" जागरूकता रैली निकालकर बच्चों के नामांकन का दिया संदेश
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। शासन की मंशा के अनुरूप विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलवा नोहर, विकास खंड परसपुर द्वारा शनिवार को स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
प्रधानाध्यापक श्रवण कुमार सिंह एवं विज्ञान शिक्षक मनोज कुमार चतुर्वेदी के नेतृत्व में निकाली गई रैली सीरपुरवा, चकेंदवा, दुबे हाता और लोखड़िया पुर सहित विभिन्न बस्तियों से होकर गुजरी। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर "आधी रोटी खाएंगे, स्कूल पढ़ने जाएंगे", "हम लोगों ने ठाना है, घर-घर दीप जलाना है" तथा "हर बच्चा स्कूल जाए, तभी देश आगे बढ़ पाए" जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।
रैली के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों से संवाद कर अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ दिलाने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा का अधिकार है और शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव होता है। ग्रामीणों से यह भी आग्रह किया गया कि वे किसी भी बच्चे को विद्यालय से वंचित न रहने दें तथा उसे नियमित रूप से स्कूल भेजें।
कार्यक्रम में ग्रामवासियों एवं विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहयोग किया। नामांकन एवं उपस्थिति बढ़ाने के इस अभियान में विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य अशोक कुमार, श्याम नाथ सिंह, रंजीत सिंह तथा शिक्षक महेश सिंह एवं अखिलेश सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहयोग और अभिभावकों की सहभागिता से विद्यालय में नामांकन और नियमित उपस्थिति दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार होगा।





