पसका से गोण्डा के लिए यूपी परिवहन निगम की बस सेवा आज से शुरू, विधायक अजय सिंह करेंगे शुभारंभ
पसका से गोण्डा के लिए यूपी परिवहन निगम की बस सेवा आज से शुरू, विधायक अजय सिंह करेंगे शुभारंभ
रिपोर्ट:-आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026 के अंतर्गत मंगलवार, 07 जुलाई 2026 को पसका से उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बस सेवा का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 9:00 बजे होगा, जिसमें कर्नलगंज विधायक अजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह ने बताया कि इस नई बस सेवा शुरू होने से पसका एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय गोण्डा तक आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। यह बस पसका,भौरीगंज,परसपुर,त्योरासी,बालपुर होते हुए गोण्डा तक संचालित होगी, जिससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों तथा आम यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत समयबद्ध, आरामदायक, किफायती एवं सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने के साथ ही गांव-गांव तक परिवहन संपर्क को मजबूत बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे ग्रामीण अंचलों के लोगों की यात्रा आसान होगी तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर बस सेवा के शुभारंभ के साक्षी बनने और इस जनहितकारी पहल को सफल बनाने की अपील की है।
