पौष पूर्णिमा में त्रिमुहानी संगम में श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
पौष पूर्णिमा में त्रिमुहानी संगम में श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। विकास खण्ड परसपुर अन्तर्गत पसका में त्रिमुहानी संगम में पौष पूर्णिमा के पावन पर्व पर सरयू नदी में लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई।भोर पहर से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।वहीं सरयू मैया की जय के गगनभेदी जयकारो से सम्पूर्ण परिसर भक्तिमय हो गया। कल्पवासियों की कुटिया में राम नाम संकीर्तन, सुंदरकांड पाठ तथा जगह जगह पर भण्डारे का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों हजार साधु संतों ने भोग प्रसाद ग्रहण कर अपने आप को धन्य किया।सरयू नदी में गोता लगाने के पश्चात भगवान वाराह के दर्शन पूजन अर्चन करते भक्तगणों की भारी संख्या में भीड़ उमड़ी रही।
तदुपरांत श्रद्धालुओं ने मेले का लुफ्त उठाया। महिलाओं व बच्चों ने जमकर खरीदारी भी किया तथा मेले में लगे मनोरंजन के संशाधनों में विभिन्न प्रकार के झूले,कालाजादू,वेरायटी शो जैसे कार्यक्रमो देखकर खूब आनंदित हुये। पौराणिक कथा के अनुसार एक बार हिरण्याक्ष नामक दैत्य ने पृथ्वी का हरण कर लिया था।जिससे देव,मानव,चर चराचर,जीव जंतु सभी व्याकुल हो गये।सभी ने मिलकर भगवान विष्णु से रक्षा करने हेतु प्रार्थना किया। तब भगवान विष्णु वाराह का रूप धारण कर हिरण्याक्ष का वध करने के पश्चात पृथ्वी को मुक्त कराया।वही वराह भगवान का दर्शन कर भक्तगण अपनी सकल मनोकामना पूर्ण करते हैं।
पसका पुलिस चौकी इंचार्ज सावन कुमार सिंह ने बताया कि मेलार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर अस्थायी मेला पुलिस चौकी का निर्माण कराया गया।जहां पर उपनिरीक्षक सहित महिला एवं पुरुष आरक्षियों की मुस्तैदी की गई।स्नानघाट व मेला परिसर में जगह जगह पुलिसकर्मियों को लगाकर मेले की निरन्तर निगरानी की जा रही है।
वहीं प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि पसका मेले में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है। वहीं मेले में आने वाले सभी रास्तों पर पुलिस बैरियर लगाकर वाहनों का प्रवेश वर्जित किया गया। ताकि मेलार्थियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।






