नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कम्प
राजकुमार मिश्रा की रिपोर्ट
गोण्डा।। जनपद गोण्डा अन्तर्गत थाना क्षेत्र इटियाथोक के पारा सराय- धानेपुर मार्ग स्थित मर्दन पुरवा गांव के पास सड़क के किनारे गड्ढे में नवजात का शव पड़ा मिला।ग्रामीणों की मानें,तो रात में कुछ लोग चार पहिया वाहन से इसे फेंक गए थे। रविवार सुबह इसकी जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते यह खबर जंगल में लगी आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के मर्दन पुरवा गांव निवासी कुंदन यादव ने बताया कि वह अपने घर से मोटरसाइकिल से दिखलौल गांव जा रहे थे।रास्ते में पुलिया के पास गड्ढे में नवजात शिशु का शव पड़ा देखा और डायल पुलिस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में यहां पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि बीती रात एक चौपहिया वाहन यहां पर कुछ देर के लिए रुकी थी।इसी दौरान वाहन पर सवार लोग कुछ फेंक कर चले गए।शायद उस समय किसी ने ध्यान नहीं दिया।ऐसी आशंका जताई जा रही है कि लोक लाज के भय से किसी परिवार ने नवजात को फेंका है। इस बावत कोतवाल विवेक त्रिवेदी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है।

