घर से निकले चुनाव ड्यूटी के लिये,पहुंच गये परलोक
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
गोण्डा।। लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के मद्देनजर चुनाव ड्यूटी करने घर से निकले सहायक समाज कल्याण अधिकारी की मौत हो गई है।जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक जनपद हरदोई अन्तर्गत थाना सदर के कुतवापुर निवासी विजय कुमार वर्मा की मृतक आश्रित कोटे में 2014 में नियुक्ति हुई थी। वर्तमान में श्रीवर्मा की तैनाती गोण्डा के पंडरी कृपाल ब्लॉक में सहायक समाज कल्याण अधिकारी के पद पर थी।वह अपनी पत्नी रिश्ता राय व सात साल की बेटी के साथ बेलसर ब्लॉक में रह रहे थे।
मृतक की पत्नी रिश्ता राय ने बताया कि गत शनिवार को पति विजय कुमार वर्मा की तबियत खराब हो गई थी। जिस पर के डॉ0 जीके सिंह से दवा लिया गया था। दवा खाने के बाद तबियत ठीक हो गई थी। विजय कुमार की निर्वाचन में पीठासीन अधिकारी के पद पर चुनाव में ड्यूटी लगी होने के कारण सुबह नौ बजे घर से बाइक द्वारा ड्यूटी के लिये निकले।थोड़ी देर बाद पति के मोबाइल से फोन कर किसी व्यक्ति के द्वारा जानकारी दी गयी कि आपके पति की तबियत खराब हो गई है। ये जमीन पर पड़े हुए हैं।
थोड़ी देर पश्चात एक निजी वाहन से लाकर सीएचसी पर दिखाया लेकिन गंभीर हालत का हवाला देते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन गोण्डा ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे इसी बीच उनके पति ने दम तोड़ दिया। मृतक विजय कुमार वर्मा दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके एक सात साल की बेटी इश्ता है। पति की मौत के बाद पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है।

