घोर लापरवाही बरतने पर वार्डन सहित अन्य स्टाफ पर मुकदमा दर्ज
जिला समन्वयक शिक्षा समग्र की तहरीर पर वार्डेन समेत अन्य कर्मचारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज.......
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कस्तूरबा गाँधी आवासीय बालिका विद्यालय परसपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में 100 के सापेक्ष केवल 11 छात्राएं ही उपस्थित मिली।
जब डीएम ने वार्डेन से अन्य छात्राओं के बारे में जानकारी ली तो कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दिया गया। डीएम ने आवागमन रजिस्टर चेक किया तो उसमें छात्राओं का आवागमन का विवरण भी अंकित नहीं मिला। निरीक्षण के समय अन्य स्टाफ पीआरडी जवान व चौकीदार भी विद्यालय में उपस्थित नहीं मिले। वार्डेन द्वारा 17 अगस्त से कक्षा सात एवं आठ की छात्राओं की उपस्थिति दर्ज किये बिना प्रेरणा पोर्टल पर फर्जी उपस्थिति भेजकर धनराशि का भुगतान कराया जा रहा था।
विद्यालय में हो रही इस घोर अनियमितता को लेकर जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला समन्वयक शिक्षा समग्र ने वार्डेन सरिता सिंह, पूर्ण कालिक शिक्षिका सुषमा पाल, चौकीदार विष्णु प्रताप सिंह एवं पीआरडी जवान दिलीप कुमार मिश्रा के विरूद्ध मुकदमा दर्ज करावाया गया।
थानाध्यक्ष शेषमणि पाण्डेय ने बताया कि जिला समन्वयक शिक्षा समग्र गोण्डा की तहरीर पर कस्तूरबा विद्यालय की वार्डेन सहित चार लोंगों के विरुद्ध विधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरू कर दी गयी है।