खेत की रखवाली कर रहे किसान की सांड के हमले से हुई मौत
खेत की रखवाली कर रहे किसान की सांड के हमले से हुई मौत
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
गोण्डा।। थाना क्षेत्र इटियाथोक के एक गांव में रात में छुट्टा जानवरो से फसल की रखवाली करने गए किसान पर एक सांड ने हमला कर उसे मरणासन्न कर दिया। परिजन उसे इलाज को ले जा रहे थे जहां रास्ते मे किसान की मौत हो गई। दूरभाष पर मौत की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक इटियाथोक क्षेत्र के ग्राम पंचायत मोहनपुर असिधा के मजरा कुहारनपुरवा निवासी 55 वर्षीय सालिक राम यादव पुत्र राम गुलाम मवेशियों से अपने धान के फसल बचाने के लिए सोमवार की रात खेत
में बने मचान पर मौजूद थे। स्वजनों के मुताबिक, देर रात में खेत पर छुट्टा सांड ने आकर मचान को टक्कर मार कर गिरा दिया। इसके बाद किसान को जमीन पर पटक दिया। किसान की चीख सुनकर पड़ोस के खेत में मौजूद किसान रामदत्त व अन्य लोंगो ने पहुंचकर सांड को किसी तरह लाठी डंडे से भगाया। इसके बाद जख्मी किसान को ग्रामीणों की मदद से घर लाया गया। घायलावस्था में इलाज के लिये अस्पताल ले जाते समय बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी शिव कुमारी व तीन पुत्र बुधराम, राम अभिलाख व भरतलाल को छोड़ गया है।
इस बावत प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सरोज ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही करने के पश्चात पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय भेजा गया है।