हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया नागपंचमी का त्यौहार, बच्चों ने भी जमकर पीटी गुड़िया
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
परसपुर गोण्डा।। विकास खण्ड परसपुर अन्तर्गत विभिन्न क्षेत्रों में नागपंचमी के त्यौहार बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। वैदिक परम्परा के अनुसार सोमवार को भोर पहर से ही बाग बगीचों समेत चौराहों पर महिलाओं व बच्चियों ने नाग नागिन की विधि विधान से पूजा अर्चना करने के उपरांत दूध लावा चढ़कर अपना व अपने परिवार की रक्षा करने का आशीर्वाद मांगा।ऐसा मानना है कि नागपंचमी के दिन नागदेवता को दूध लावा चढ़ाने से नागदेव काफी प्रसन्न होते है और उनकी रक्षा करने का वचन देते है।
वही नागपंचमी को गुडियन त्यौहार के नाम से भी जाना जाता है।बताते चलें कि सुबह से ही छोटे छोटे बच्चे हाथों में छड़ी लेकर गुड़िया पीटने का इंतजार करते देखे गये।वहीं नन्ही मुन्नी बच्चियां कपड़े की छोटी छोटी गुड़िया बनाने में मशगूल रही। शाम होते ही सभी छोटे छोटे बच्चे अपने हाथों में विभिन्न प्रकार के रंग बिरंगी छड़ी लेकर चौक चौराहों पर एकत्रित होने लगे।फिर क्या नन्ही नन्ही बच्चियों ने पहुंचकर अपने हाथों से बनाई हुई गुड़िया को जमीन पर फेंकती जिसे बच्चे अपने हाथों में लिए हुये छड़ी से जमकर पिटाई करते। यह माहौल देखकर नन्हे मुन्ने बच्चों में एकदम अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा था।
परसपुर नगर में राजा सगरा मोड़ बेलसर मार्ग,गूँगी भवानी मंदिर, श्रीरामजानकी मंदिर अंजही मोहल्ला, तुलसी पार्क तुलसीधाम मार्ग समेत विभिन्न स्थानों पर गुड़िया पीटकर बच्चो ने खुशी मनाई।