रोडवेज बस व ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर में दो मासूमों की मौत,13 जख्मी
दुर्घटना स्थल का जायजा लेने पहुँचे एसपी सिटी कुँवर ज्ञानंजय सिंह
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
बहराइच।। गोंडा-बहराइच राजमार्ग पर बुधवार दोपहर में रोडवेज बस और ट्रैक्टर ट्राली में जोरदार भिड़ंत में बालिका समेत दो लोगों की मौत हो गई,13 लोग घायल हो गये।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गोण्डा से बहराइच के लिए जा रही रोडवेज बस पयागपुर थाना क्षेत्र के खुटेहना स्थित इंडेन गैस एजेंसी के समीप सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। जहाँ इलाज के दौरान जनपद गोण्डा पटेल नगर निवासी सना (2) पुत्री जमाल और रामगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मोहम्मद नगर डीहा निवासी शिवम (8) पुत्र खेलावन की मौत हो गई।जबकि मृतक सना की मां शबनम, राम खेलावन, लक्ष्मी पत्नी राम खेलावन, और बेटी नैना, बिहार के बेगुसराय निवासी सौरभ पुत्र नौथे,गोण्डा निवासी मीना पत्नी लड्डन,अर्पित मौर्य पुत्र मनोज समेत 13 लोग घायल हो गए। सभी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी कुंवर ज्ञानंजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी ने बताया कि हादसे में दो बालको की मौत हुई है। जबकि अन्य लोग घायल हैं। सभी का इलाज चल रहा है।रोडवेज बस और ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर बाइकसवार को भी टक्कर मार दी। जिससे बाइकसवार पयागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्हुआ निवासी शैलेंद्र द्विवेदी पुत्र जगत नारायन, बृजरानी द्विवेदी समेत तीन लोग घायल हो गई। घायल महिला गर्भवती है, वह अल्ट्रा साउंड के लिए जा रही थी।