कजरीतीज के मद्देनजर लखनऊ हाईवे पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब

    कजरीतीज पर्व में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

रिपोर्ट:- आर के मिश्रा

गोण्डा।। जो बाबा को भूलेगा वह रस्ते में झूलेगा, बाबा नगरिया दूर है जाना बहुत जरूर है। बोल बम का नारा है बाबा एक सहारा है आदि नारे से सरयू तट से लेकर गोंडा व खरगूपुर तक मार्ग गुंजायमान हो रहा है। देवी पाटन मंडल का सबसे बड़ा मेला बन चुके कजरीतीज पर्व पर भोलेनाथ को श्रद्धा पूर्वक जल अर्पित करने वाले भक्त शनिवार की शाम से ही कटरा घाट स्थित सरयू तट पहुंचने लगे। जहां स्नान ध्यान व पूजा पाठ करके मां सरयू की पावन जल धारा से जल भरने का सिलसिला शुरू हुआ। रविवार की सुबह करीब तीन बजे से पृथीनाथ महादेव मंदिर में भोले नाथ को जल अर्पित करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ सरयू तट पर एकत्र होने लगी। सूर्य देव का दर्शन होने के साथ भीड़ में इजाफा होने लगा और देखते ही देखते सरयू घाट परिसर श्रद्धालुओ से भर गया। उसके बाद लगातार उतनी ही भीड़ बनी रही।
    सरयू नदी में स्नान करते श्रद्धालुओं की अपार भीड़

दोपहर बाद करीब तीन बजे से दुःखहरन नाथ व पृथीनाथ महादेव मंदिर में जल चढ़ाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ गई। इससे पुलिस व प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था लचर दिखाई पड़ने लगी। करनैलगंज से सरयू घाट तक मार्ग के दोनो तरफ केवल शिवभक्तों का ही तांता लगा रहा। अनुमानित आंकड़े के अनुसार कर्नलगंज से सरयू घाट के बीच करीब एक लाख से अधिक शिवभक्तों की उपस्थिति देखी गई। करनैलगंज से गोंडा व खरगूपुर तक मार्ग श्रद्धालुओ से भरा रहा। प्रतिवर्ष के अनुसार इस वर्ष शिवभक्तों की संख्या काफी अधिक रही। शाम करीब 5 बजे तक सरयू तट से करीब 14 लाख से अधिक श्रद्धालु जल भरकर दोनो शिव मंदिरों के लिए रवाना हो चुके थे। वर्तमान स्थिति को देखते हुए इसमें शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की संख्या करीब 20 लाख पहुंचने के आसार दिखाई दे रहे हैं।
सुरक्षा की दृष्टि से सरयू घाट की निगरानी मोटर बोट से पीएसी के जवान करते देखे गए। एक दर्जन से अधिक नाविक अपने नाव के साथ मुस्तैद दिखे। घाट पर महिला पुलिस के साथ पर्याप्त पुलिस बल सुरक्षा में लगे रहे। स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग व विकास विभाग के साथ पंचायत विभाग भी मुस्तैद दिखा।सफाई कर्मी लगातार घाट परिसर की सफाई करते देखे गए। कटरा घाट पुल से बरगदी मोड़ तक व पुल से कर्नलगंज तक चप्पे चप्पे पर पुलिस के जवान सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे। 
उपजिलाधिकारी विशाल कुमार पुलिस क्षेत्राधिकारी चन्द्रपाल शर्मा सहित कोतवाल चितवन कुमार निरन्तर व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे। श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने कर्नलगंज चौराहे पर पहुंचकर स्वयं व्यवस्था का मोर्चा संभाल लिया। इसबार लोकनिर्माण विभाग की भारी लापरवाही के चलते भीड़ व वाहनों के नियंत्रण के लिए बालपुर कस्बे के प्रमुख मार्गों पर बल्लियों की बैरिकेटिंग नहीं कराई गई। इसके चलते अव्यवस्था की स्थिति बनी रही।

Popular posts from this blog

सपा नेता हत्याकांड का पांचवां आरोपी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे

संदिग्ध परिस्थितियों में मिला 29वर्षीय युवक का शव,परिजनों न्त्याके की आशंका

तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज में प्री-बोर्ड परीक्षा का शुभारंभ, शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ प्रथम दिवस