मिड-डे मील में दस लाख से अधिक रुपए का घोटाला,ग्राम प्रधान ने प्रधानाध्यापक पर लगाया गमन के आरोप
रिपोर्ट:- आर के मिश्रा
गोण्डा।। जनपद गोण्डा अन्तर्गत कटरा बाजार के प्राथमिक विद्यालय नरायणपुर कला में प्रधानाध्यापक द्वारा बच्चो के लिए बनने वाले माध्यान्ह भोजन के पैसे निकासी में दस लाख से अधिक घोटाले का मामला प्रकाश में आया है। जिसकी शिकायत गांव की महिला प्रधान ने देवीपाटन मंडल के आयुक्त से की है। मामला शिक्षा क्षेत्र कटरा बाजार के नरायणपुर कला गांव की महिला प्रधान साबरून निशा ने कमिश्नर को दिए शिकायती पत्र में कहा है प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय नरायणपुर कला के प्रधानाध्यापक विश्राम सिंह विगत 13 साल से तैनात है। प्रधानाध्यापक विश्राम सिंह द्वारा बच्चो को परोसे जा रहे मध्यान्ह भोजन के पैसे निकासी में घोटाला निरन्तर किया जा रहा है। उससे कराए गए चेक पर हस्ताक्षर के बाद आगे अंक बढ़ाकर रकम की निकासी की जा रही है। तब उसके पति ने चेक पर हस्ताक्षर कराने आए प्रधानाध्यापक की चेक की फोटो मोबाइल में खीचना शुरू किया। जब उसे विश्वास हो गया है कि कुछ गलत हो रहा है। तब वह कटरा बाजार के प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक जाकर अपने खाते का विवरण लिया और मोबाइल से ली गई चेक की फोटो से मिलान करने लगा तब उसे पता चला कि चेक पर हस्ताक्षर करवा कर आगे अंक बढ़ाकर पैसों की निकासी हो रही थी उसके पैरो तले जमीन खिसक गई। 18 माह में 61 हजार की जगह दस लाख से ऊपर की निकासी की गई थी। उसने कहा कि चेक संख्या 285233 में 93 सौ 48 रूपये भरकर हस्ताक्षर कराकर उसमें आगे 7 बढ़ा कर 79 हजार तीन सौ अढ़तालिस रूपयें की निकासी कर ली गई। ऐसे 16 चेक में दस लाख से ऊपर की निकासी की गई है। इस संबंध में प्रधानाध्यापक विश्राम ने बताया कि उनपर लगे आरोप गलत है। बीईओ सीमा पांडेय ने बताया कि उन्होने पूरे प्रकरण में जांच कर मिले साक्ष्य को उच्चअधिकारी को भेज दी है।